📅 Published on: November 26, 2023
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। विश्व धरोहर सप्ताह के अंर्तगत शनिवार को राजकीय बौद्ध संग्रहालय पिपरहवा सिद्धार्थनगर द्वारा हमारी विरासत, प्राचीन भारतीय मुद्राएं विषयक छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। उक्त प्रदर्शनी में स्थानीय विद्यालय के लगभग 50 छात्र छात्राओं को भारत में मुद्राओं की प्राचीनता, उद्भव एवं विकास के साथ साथ सिक्के बनाने की तकनीक के बारे में जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में प्राचीन काल से लेकर ब्रिटिश काल तक के मुद्राओं के इतिहास को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। संग्रहालयाध्यक्ष डॉक्टर तृप्ति राय ने इस दिवस की जानकारी देते हुए बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह मनाने का मुख्य उद्देश्य देश की सांस्कृतिक धरोहरों और स्मारकों के संरक्षण और सुरक्षा के बारे में लोगों को प्रोत्साहित करना और जागरूकता बढ़ाना है। प्राचीन भारतीय संस्कृति और परंपरा को जानने के लिए ये बहुत आवश्यक है कि अमूल्य विविध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक स्मारकों की रक्षा की जाये और उन्हें संरक्षित किया जाये। उक्त अवसर पर ओमप्रकाश पांडेय, सुनील चौधरी, अमित कुमार शुक्ल, मनोज यादव, मनीष गुप्ता, अनीता मोदनवाल, रंजना कसौधन, सपना गुप्ता, पिंकी कसौधन, संदीप कुमार, इत्यादि की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।