📅 Published on: August 25, 2024
Kapilvastupost
लोटन कोतवाली क्षेत्र के बड़ौदा यूपी बैंक शाखा ठोठरी का कैशियर बैंक के कैश से 10.71 लाख रुपये लेकर फरार हो गया है। शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
ठोठरी बाजार स्थित बड़ौदा यू पी बैंक के शाखा पर कार्यरत कैशियर सावन कुमार सिंह की ओर से बैंक के कैश से शुक्रवार को 10.71 लाख रुपये लेकर फरार होने का मामला प्रकाश में आया है।
शाखा प्रबंधक विकास सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने तहरीर में लिखा है कि बैंक बंद करने के बाद कैशियर 1071019 रुपये लेकर फरार हो गया है। कैश को जब मिलाया गया तो रुपये गायब थे।
कैशियर का मोबाइल भी नहीं मिल रहा था। कैश लेकर फरार हुए कैशियर के बारे में मैनेजर ने अधिकारियों को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि जब बात नहीं बनी और कैशियर का सुराग नहीं मिला तो शुक्रवार की देर रात शाखा प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शाखा प्रबंधक की तहरीर पर कैशियर के विरुद्ध धारा 316(5) गबन का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार मौर्य का कहना है कि शाखा प्रबंधक ने तहरीर दी है। केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
कैशियर को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।