📅 Published on: September 25, 2025
गुरु जी की कलम
बढ़नी, सिद्धार्थनगर: नगर पंचायत बढ़नी बाजार के वार्ड नंबर 10, आर्य नगर में आज पण्डित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बूथ अध्यक्ष बृजेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत बढ़नी के अध्यक्ष सुनील अग्रहरी रहे। इस अवसर पर अपने संबोधन में सुनील अग्रहरी ने पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के जीवन और उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पण्डित दीन दयाल उपाध्याय सादा जीवन, उच्च विचार और दृढ़ संकल्प के धनी थे। वे एक मेधावी छात्र होने के साथ-साथ एक उत्कृष्ट संगठक, लेखक, पत्रकार, विचारक, राष्ट्रवादी और मानवतावादी भी थे।
अग्रहरी ने बताया कि पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के जीवन का मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे गरीब और कमजोर व्यक्ति की सेवा करना था। इसी भाव के साथ, वे 1937 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने जनसंघ के महासचिव के रूप में राजनीति में कदम रखा और 29 दिसंबर 1967 को जनसंघ के अध्यक्ष बने। उन्होंने 1951 से 1967 तक इस जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा राजकुमार सिंह, पूर्व सभासद राजकुमार अग्रहरी, बृजेश सिंह, रामराज कन्नौजिया, अंचल गुप्ता, संजय वर्मा, अखिलेश गुप्ता, शिवम गुप्ता, विजय सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के आदर्शों को याद किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।