गौरा विधायक का भवानीगंज थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप: सुलह के नाम पर लिए ₹1.5 लाख, डीआईजी से कार्रवाई की मांग

दरखास के आधार पर रात भर थाने पर रखकर प्रताड़ित कर डेढ़ लाख की वसूली

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर/गोंडा: गोंडा जनपद की गौरा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रभात कुमार वर्मा एडवोकेट ने भवानीगंज थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक ने बस्ती मंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) को एक शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि एक मामूली सड़क दुर्घटना के मामले में थानाध्यक्ष ने सुलह कराने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये (₹1.5 लाख) लिए और उनके क्षेत्र के लोगों को पूरी रात थाने में बंद रखकर प्रताड़ित किया।

​शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

​क्या है पूरा मामला?

​विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने डीआईजी को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र गौरा (गोंडा) के प्रधान अबरार अहमद के भाई इसराक, पप्पू और सलमान बुधवार देर शाम भवानीगंज बाजार गए थे। वहां उनकी खड़ी गाड़ी से कुछ बच्चे आकर टकरा गए। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें गाड़ी सहित भवानीगंज थाने ले गई।

​विधायक का कहना है कि उन्होंने थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा से फोन पर बात कर मामले को आपस में सुलह-समझौता कराने के लिए कहा था। लेकिन, उनके कहने के बावजूद थानाध्यक्ष ने समझौता के नाम पर तीनों को धमका कर ₹1.5 लाख रुपये ले लिए और उन्हें पूरी रात थाने में बंद कर प्रताड़ित भी किया। विधायक ने थानाध्यक्ष पर आए दिन जनमानस से शिकायतें मिलने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ उचित विभागीय कार्यवाही की मांग की है।

​इस पूरे प्रकरण में भवानीगंज थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने मीडिया को अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने बताया कि भैंसहिया गांव के महेश यादव पुत्र उदित ने गोंडा जनपद के खंडार थाना क्षेत्र के इसराक खान, सलमान व इत्तखार अहमद के विरुद्ध एक शिकायती पत्र दिया था। शिकायती पत्र में आरोप था कि चार पहिया वाहन की टक्कर से छोटू यादव पुत्र महेश यादव और प्रशांत यादव पुत्र जगदेव यादव को चोट लग गई है।