ग्राम पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ ने डीएम कार्यालय में धरना देकर की पांच मांगों की चेतावनी, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

निजाम अंसारी

शिकायतों और लंबित भुगतान को लेकर ग्राम पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं सफाई कर्मियों ने बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच प्रमुख बिंदुओं पर अपनी मांगें सरकार के समक्ष रखी और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज समस्याओं के समाधान की मांग की।

संघ ने बताया कि लंबे समय से उनकी समस्याएं उठाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे कर्मचारी न सिर्फ काम प्रभावित हो रहा है, बल्कि उनका मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। ज्ञापन में साफ किया गया कि जनपद के ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मियों का दिसंबर 2025 तक का मानदेय अभी तक लंबित है। उनका तुरंत भुगतान किया जाए।

साथ ही, कर्मचारियों से समय-समय पर की जा रही विभिन्न कटौतियों को वापस लेने की भी मांग की गई है। संघ का आरोप है कि बिना किसी नियत कारण के नोटिस जारी किए जा रहे हैं और स्थानांतरण का निर्णय लिया जा रहा है, जिन्हें तत्काल निरस्त किया जाए ताकि कर्मचारी बिना दबाव के कार्य कर सकें।

इसके अलावा, संघ ने शासन के अनुसार स्थानांतरण नीति लागू करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और प्रदेश में आठवें वेतन आयोग को जल्द से जल्द लागू करने की भी मांग रखी है।

जिलाध्यक्ष जग नारायण, अजय कुमार द्विवेदी, दिलीप कुमार प्रजापति समेत अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षरित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो आंदोलन की तैयारी की जाएगी। इस दौरान अनिल सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।