📅 Published on: January 10, 2026
– कंप्यूटर ऑपरेटर ने डीएम और सीडीओ से की लिखित शिकायत, खोला भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा
– जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल के नाम पर अवैध वसूली का खेल
गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। विकास खंड बढ़नी में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के खिलाफ भ्रष्टाचार और मानसिक उत्पीड़न का मामला गरमाता जा रहा है। कार्यालय के ही एक कर्मचारी ने एडीओ पंचायत पर अवैध धन उगाही और मनमानी का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
पैसा न देने पर किया गया प्रताड़ित
एडीओ पंचायत कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर जनार्दन कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को शिकायती पत्र भेजकर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि अक्टूबर माह में एडीओ पंचायत द्वारा उनसे अवैध धन की मांग की गई थी। मांग पूरी न करने पर उन्हें जबरन तहसील मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
सफाई कर्मियों के जरिए ‘उगाही’ का सिंडिकेट?
शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विकास खंड के दो ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मी— राकेश कुमार और राजकिशोर मौर्या को नियमों को ताक पर रखकर ब्लॉक कार्यालय में संबद्ध किया गया है। जनार्दन पाण्डेय का आरोप है कि एडीओ पंचायत इन्हीं सफाई कर्मियों के माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल जारी करने के नाम पर जनता से अवैध वसूली करवा रहे हैं।
कार्य करने पर पाबंदी और मानसिक उत्पीड़न
शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हें कार्यालय में न तो बैठने की अनुमति दी जा रही है और न ही कार्य के लिए कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराया जा रहा है। उच्चाधिकारियों को भेजे पत्र में उन्होंने कहा कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे उनकी कार्यक्षमता और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
अधिकारियों का पक्ष
इस गंभीर प्रकरण पर जब जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं, खंड विकास अधिकारी (BDO) बढ़नी ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि:
शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।