📅 Published on: January 10, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (इटवा)। जनपद के इटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुनियाँव ब्लॉक के ग्राम तुरकौलिया (त्रिकोलिया) में गुरुवार देर रात शार्ट सर्किट के कारण एक मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पीड़ित परिवार का लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
सोते समय अचानक भड़कीं लपटें
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी फागू विश्वकर्मा का परिवार गुरुवार की रात भोजन करने के बाद सोने की तैयारी कर रहा था। रात करीब 10 बजे घर के एक कमरे में अचानक शार्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। घर के भीतर धुआं और आग की तपिश महसूस होते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
पीड़ित फागू विश्वकर्मा ने अत्यंत दुखी मन से बताया कि हाल ही में उनके बेटे का विवाह संपन्न हुआ था। घर में बहू के आगमन की खुशियां छाई थीं और शादी का कीमती सामान, उपहार व जेवरात घर में ही रखे थे। आग ने कुछ ही घंटों में शादी के सारे सामान और घरेलू गृहस्थी को जलाकर राख के ढेर में बदल दिया। पीड़ित के अनुसार, इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पूर्व मंत्री ने लिया जायजा, प्रशासन को दिए निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलकर राख हुए सामान का मुआयना किया और पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। डॉ. द्विवेदी ने तत्काल हल्का लेखपाल और तहसील प्रशासन से फोन पर वार्ता कर नुकसान का आकलन (सर्वे) करने और शासन की ओर से मिलने वाली हर संभव आर्थिक सहायता जल्द से जल्द दिलाने के निर्देश दिए।