📅 Published on: January 13, 2026
‘साइकिल चलेगी, तरक्की आएगी’ के नारों से गूंजा बांद्रा ईस्ट; शिक्षा और विकास के वादे के साथ मैदान में उतरीं प्रधानाचार्य सबाना खान
सद्दाम खान
मुंबई: बांद्रा ईस्ट के वार्ड नंबर 92 में चुनावी सरगर्मी उस वक्त अपने चरम पर पहुंच गई, जब समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी और जानी-मानी समाजसेवी सबाना खान ने एक विशाल रोड शो के जरिए अपनी ताकत दिखाई। इस भव्य रोड शो में हजारों की संख्या में समर्थकों और स्थानीय निवासियों की भागीदारी ने चुनाव की दिशा स्पष्ट कर दी है।
फूलों से स्वागत और समर्थकों का उत्साह
रोड शो के दौरान पूरा वार्ड समाजवादी पार्टी के झंडों और “साइकिल” के नारों से पट गया। स्थानीय जनता ने अपनी प्रत्याशी सबाना खान का जगह-जगह फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। समर्थकों के बीच “साइकिल चलेगी, तरक्की लाएगी” का नारा गूंजता रहा, जो क्षेत्र में बदलाव की लहर का संकेत दे रहा है।
शिक्षा और समाजसेवा की छवि का मिल रहा लाभ
एक स्कूल प्रधानाचार्य और सक्रिय समाजसेवी होने के नाते सबाना खान की छवि क्षेत्र में बेहद साफ-सुथरी और ईमानदार मानी जाती है। रोड शो के दौरान लोगों ने विशेष रूप से उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की।
जनता से सबाना खान की अपील
जनसंपर्क के दौरान सबाना खान ने भावुक अपील करते हुए कहा समाजवादी पार्टी हमेशा से ही गरीबों, महिलाओं और नौजवानों की आवाज रही है। मैं आपसे अपील करती हूँ कि आने वाली 15 तारीख को साइकिल के निशान पर बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाएं।”
प्रमुख वादे और प्राथमिकताएं
सबाना खान ने वार्ड 92 के विकास के लिए अपना रोडमैप भी साझा किया, जिसमें मुख्य बिंदु शामिल हैं:
शिक्षा का स्तर सुधारना: सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान।
स्वच्छता अभियान: वार्ड में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था।
मूलभूत सुविधाएं: पानी, सड़क और लाइट जैसी बुनियादी जरूरतों का समाधान।
महिला सशक्तिकरण: महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर।
रोड शो के अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें सेवा का मौका देती है, तो वार्ड 92 मुंबई का एक आदर्श वार्ड बनेगा।