​सिद्धार्थनगर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी स्कूली बस, 18 बच्चे घायल, 6 की हालत गंभीर

Nizam ansari
सिद्धार्थनगर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी स्कूली बस और वैन 18 बच्चे घायल, 6 की हालत गंभीर
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। शनिवार सुबह ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार कुल 30 बच्चों में से 18 बच्चे घायल हो गए हैं। घायलों में 6 बच्चों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,  अकरहरा खजुरिया स्कूल की बस शनिवार सुबह रोजाना की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। नेशनल हाईवे पर मडरहिया गांव के पास अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। और बस सड़क किनारे जाकर पलट गई।

बस के ठीक पीछे तुलसियापुर की एक स्कूल वैन भी अपने आपको बचाने के चक्कर में वह भी पलट गया।

वैन और बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
राहत और बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। बस में कुल 30 बच्चे सवार थे। सभी घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बढ़नी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन 6 बच्चों की गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया है।

शेष बच्चों का उपचार पीएचसी में चल रहा है और उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों का दौरा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी (SDM) विवेकानंद मिश्र और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.के. चौरसिया तुरंत अस्पताल पहुंचे।

अधिकारियों ने घायल बच्चों का हालचाल जाना और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासन ने डॉक्टरों को कड़े निर्देश दिए हैं कि बच्चों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।