📅 Published on: March 4, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए 5.15 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। विधायक विनय वर्मा की सक्रिय पहल पर शासन ने न केवल इन सड़कों को मंजूरी दी है, बल्कि निर्माण कार्य के लिए बजट भी अवमुक्त कर दिया है।
इन सड़कों का होगा कायाकल्प
* भिरिंडा समय माता स्थान से नियांव संपर्क मार्ग: 2.50 किमी लंबी इस सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड द्वारा 263.23 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
* समय माता स्थान मधवानगर-बैरिहवा संपर्क मार्ग: 3.10 किमी लंबे इस मार्ग के लिए 246.92 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसका कार्य निर्माण खंड-1 संभालेगा।
दो दर्जन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
विधायक विनय वर्मा ने बताया कि ये सड़कें लंबे समय से क्षेत्र की जनता की प्रमुख मांग थी। सड़कों के बनने से दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों, व्यापारियों और छात्रों को जर्जर रास्तों से निजात मिलेगी। विधायक ने कहा, “बेहतर कनेक्टिविटी से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।”
सड़कों की मंजूरी और बजट जारी होने की खबर से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में खुशी की लहर है। लोगों का मानना है कि इन पक्की सड़कों के निर्माण से इलाके की तरक्की की राह आसान हो जाएगी।