सिद्धार्थनगर: होली की खुशियां मातम में बदलीं, बांसी के डहरताल में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कस्बे से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां होली के उल्लास के बीच दो परिवारों के चिराग बुझ गए। बांसी कस्बे के पटेलनगर मोहल्ले के पास स्थित डहरताल में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रंग खेलने के बाद नहाने गए थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांसी के आर्यनगर मोहल्ला निवासी शिवकरन (पुत्र संजीव) और प्रतापनगर निवासी अनूप (पुत्र बलिदेव) होली खेलने के बाद हाथ-मुंह धोने और नहाने के लिए डहरताल गए थे। नहाते समय गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक डूबने लगे। शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला।

अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों युवकों को बांसी स्थित 50 शैय्यायुक्त संयुक्त चिकित्सालय ले गए। वहां मौजूद डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम निखिल चक्रवर्ती, पुलिस क्षेत्राधिकारी शुवेंदु सिंह और प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।