📅 Published on: March 8, 2026
जिले में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों का संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छापेमारी का यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि स्वास्थ्य मानकों के साथ खिलवाड़ करने वालों पर नकेल कसी जा सके। डॉ. मानवेंद्र पाल, नोडल अधिकारी
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को अवैध चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उस्का बाजार रोड पर स्थित न्यू एमएम हॉस्पिटल पर छापेमारी की। जांच के दौरान अस्पताल में बिना पंजीकरण के अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित होती पाई गई, जिसे टीम ने तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। इस टीम में पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) के नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल, नौगढ़ पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप कुमार जायसवाल और पटल सहायक रोहित वर्मा शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन अल्ट्रासाउंड संचालन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका।
अवैध संचालन की पुष्टि होने पर नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल ने मशीन को मौके पर ही सील करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, पीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप कुमार जायसवाल की तहरीर पर सदर थाने में अस्पताल प्रबंधक के विरुद्ध एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है।