📅 Published on: April 25, 2026
Kapilvastupost
पथरा बाजार (सिद्धार्थनगर): थाना क्षेत्र के भतिजवापुर उर्फ ककुवा गांव के पास गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ अपने भाई के साथ बाइक से रिश्तेदारी जा रही एक युवती के साथ मनचलों ने सरेराह छेड़छाड़ की। जब भाई ने अपनी बहन की सुरक्षा के लिए विरोध जताया, तो दबंगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पीड़िता ने इस मामले में स्थानीय थाने में नामजद तहरीर दी है।
पुलिया के पास घात लगाकर बैठे थे मनचले
जानकारी के अनुसार, बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का निवासी युवक अपनी बहन को बाइक पर बैठाकर रिश्तेदारी में जा रहा था। जैसे ही वे पथरा थाना क्षेत्र के भतिजवापुर उर्फ ककुवा गांव की पुलिया के पास पहुँचे, वहां पहले से मौजूद गांव के ही करीब आधा दर्जन युवकों ने युवती को देखकर अश्लील फब्तियां कसनी और हरकतें करनी शुरू कर दीं।
विरोध करने पर दबंगई
युवती के साथ हो रही अभद्रता को देख भाई ने हिम्मत दिखाई और बाइक रोककर आरोपियों का विरोध किया। इस पर आरोपी भड़क गए और एकजुट होकर भाई पर हमला कर दिया। मनचलों ने सरेराह युवक की पिटाई की और धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद डरे-सहमे पीड़ित भाई-बहन थाने पहुँचे और आपबीती सुनाई।