डुमरियागंज सड़क हादसा: अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, हादसे में एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर/डुमरियागंज: डुमरियागंज थाना क्षेत्र के अमौना पाण्डेय गांव के पास बीते 22 अप्रैल की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बाइक को टक्कर मारने वाली अज्ञात पिकअप के चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। इस भीषण दुर्घटना में दो सगे भाई पिकअप की चपेट में आए थे, जिनमें से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई थी।
बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा
बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के पटवरिया गांव निवासी फूल चन्द सोनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भतीजे प्रेम चन्द सोनी (26) और किशन सोनी उर्फ छन्नू (21) अपनी बड़ी बहन के घर सोनारेडीहा गए थे। 22 अप्रैल की रात करीब दस से 10:30 बजे जब दोनों भाई बाइक से वापस अपने घर पटवरिया लौट रहे थे, तभी अमौना पाण्डेय गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 21 वर्षीय किशन सोनी उर्फ छन्नू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसका बड़ा भाई प्रेम चन्द सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रेम चन्द को तत्काल सीएचसी बेंवा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है।
पुलिसिया कार्रवाई
हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने फूल चन्द सोनी की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।