पूर्व सांसद बृजभूषण तिवारी की 14वीं पुण्यतिथि पर सपाइयों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

गुरु जी की कलम से 

सिद्धार्थ नगर /उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर शनिवार को प्रखर समाजवादी चिंतक और पूर्व सांसद स्वर्गीय बृजभूषण तिवारी की 14वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

शोक सभा को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि स्वर्गीय बृजभूषण तिवारी का पूरा जीवन सरलता और सादगी की मिसाल था। वे डॉ. राम मनोहर लोहिया के अनन्य शिष्यों में से एक थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा को सींचने में लगा दिया। लालजी यादव ने जोर देकर कहा कि तिवारी जी केवल एक नेता नहीं थे, बल्कि वे वैचारिक रूप से मजबूत कार्यकर्ता और नेता तैयार करने वाली पाठशाला थे।

सिद्धांतों की राजनीति के प्रतीक

वक्ताओं ने उनके राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि छात्र राजनीति से शुरुआत कर देश की सबसे बड़ी पंचायत (लोकसभा और राज्यसभा) में पांच बार प्रतिनिधित्व करना उनके संघर्षों और सिद्धांतों की जीत थी। वह हमेशा अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ मुखर रहे। दलितों, पिछड़ों और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए संघर्षों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

आज भी प्रासंगिक हैं उनके विचार

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि भले ही आज बृजभूषण तिवारी हमारे बीच भौतिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और सिद्धांत वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। इस दौरान बेचई यादव, राममिलन भारती, मुरलीधर मिश्र, बहराइची प्रसाद प्रेमी, चंचल रावत सहित भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।