कयामत तक रहेगा चर्चा हुसैन का **गम, अकीदत और इंसानियत के पैगाम के साथ सिद्धार्थनगर में मनाया गया मोहर्रम; शोहरतगढ़, बढ़नी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ पर्व**

Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर:**
जनपद में मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, गम और धार्मिक श्रद्धा के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जनपद के शोहरतगढ़ कस्बा, बढ़नी , इटवा ,डुमरियागंज , बांसी, नौगढ़ , उसका ,लोटन और बर्डपुर सहित विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक मातमी जुलूस निकाले गए। इस दौरान अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की शहादत को याद करते हुए हुसैन जिंदाबाद के नारे लगाए, शांति व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का भरपूर सहयोग किया।
**हल्लोर में निकला अलम व जुलजनाह का ऐतिहासिक मातमी जुलूस**
डुमरियागंज क्षेत्र के उपनगर हल्लोर में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने पारंपरिक जुलूस निकाला। पूरे क्षेत्र में ‘या हुसैन’, ‘या अली’ और ‘या अब्बास’ की सदाओं के बीच माहौल पूरी तरह गमगीन और भावुक बना रहा। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने जंजीरी मातम और सीनाज़नी कर कर्बला के शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अंजुमन फरोग-ए-मातम और अंजुमन गुलदस्ता-ए-मातम द्वारा बेहतरीन नौहाख्वानी और सीनाज़नी की गई।
हल्लोर में आयोजित रोजे आशुरा की तकरीर के कार्यक्रम में मौलाना महफूज, जाकिर जमाल हैदर और अजीम हैदर आदि वक्ताओं ने हजरत इमाम हुसैन के संदेश पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि इमाम हुसैन ने कर्बला के मैदान में जुल्म और अन्याय के सामने झुकने के बजाय सच्चाई, इंसाफ और इंसानियत की रक्षा के लिए अपनी और अपने परिवार की कुर्बानी दी। तीन दिनों तक भूखे-प्यासे रहने के बावजूद उन्होंने अपने उसूलों से समझौता नहीं किया, जो आज भी पूरी दुनिया को अमन, भाईचारे और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। हल्लोर का यह ऐतिहासिक मोहर्रम हर वर्ष की तरह इस बार भी अपनी धार्मिक परंपराओं, अनुशासन और आपसी भाईचारे की मिसाल बनकर सामने आया।
**शोहरतगढ़ में हैरतअंगेज करतबों के साथ आगे बढ़ा जुलूस**
वहीं शोहरतगढ़ कस्बे में मोहर्रम का जुलूस शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे पारंपरिक रास्तों से शुरू हुआ। जुलूस के दौरान लोग ‘या हुसैन’ के नारे बुलंद करते रहे और अखाड़े के उस्तादों व खिलाड़ियों के साथ हैरतअंगेज खेल व करतब दिखाते हुए आगे बढ़ते रहे। यह जुलूस रमजान तिराहा, पुलिस पिकेट, सरकारी अस्पताल और टीचर्स कॉलोनी गली होते हुए शाम 6 बजे कर्बला पहुंचा, जहां ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जुलूस में मुख्य रूप से नेता अल्ताफ हुसैन , डॉ मो सरफराज अंसारी , डॉ मो शादाब अंसारी , मो एजाज अंसारी ,चेयरमैन रवि अग्रवाल, सभासद अशरफ अंसारी, अफसर , कलाम नेता ,इंसान अली, गयासुद्दीन रायनी सहित उस्ताद अखाड़ा के साथ सैकड़ों की संख्या में अकीदतमंद शामिल रहे। इसके साथ ही नगर पंचायत बढ़नी में भी मोहर्रम का त्योहार बेहद अकीदत और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।
**प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, कमिटी ने जताया आभार**
पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। इस दौरान एस डी एम शोहरतगढ़ ,क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ , थानाध्यक्ष शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के बाद नेता अल्ताफ हुसैन, इंसान अली, गुड्डू नेता, अब्दुल कलाम, नवाब खान सहित तमाम अखाड़ा कमिटी के मेंबरों ने त्योहार को निर्विवाद रूप से संपन्न कराने को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया और आभार व्यक्त किया।