📅 Published on: August 16, 2026
गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। विकास खंड बढ़नी के बसन्तपुर गांव में जारी सड़क निर्माण कार्य सुविधा के बजाय ग्रामीणों के लिए भारी मुसीबत बनता जा रहा है। निर्माण शुरू हुए लगभग एक महीना बीत चुका है, लेकिन कार्य की रफ्तार बेहद सुस्त है। पूरी सड़क पर बड़े-बड़े रोड़े और गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं, जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों का निकलना भी दुश्वार हो गया है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी, बारिश में बढ़ा दुर्घटना का खतरा स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा और सुगम यातायात का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है। मौजूदा मानसूनी बारिश के कारण बिखरी गिट्टियों और कीचड़ ने स्थिति को और जानलेवा बना दिया है। राहगीरों के फिसलकर चोटिल होने और वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
‘नेताजी’ के करीबी को ठेका, शिकायत करने से कतरा रहे लोग गांव में चर्चा है कि इस सड़क का ठेका क्षेत्र के एक प्रभावशाली नेता के करीबी को मिला है। इसी शह के कारण ठेकेदार मनमाने ढंग से काम कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रसूखदारों के डर से स्थानीय स्तर पर खुलकर शिकायत करने में भी लोग कतरा रहे हैं। आम जनमानस का सीधा सवाल है कि जब जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि ही आंखें मूंद लेंगे, तो जनता अपनी गुहार लेकर कहां जाए?
निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग आक्रोशित ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की सुस्त प्रगति और ठेकेदार की कार्यशैली की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही मांग की है कि सड़क पर बिखरे रोड़ों को तुरंत हटाकर आवागमन बहाल किया जाए और निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।