📅 Published on: September 7, 2026
Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर):
डुमरियागंज के पूर्व विधायक एवं प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय कमाल यूसुफ मलिक की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, कादिराबाद में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कमाल यूसुफ मलिक फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने उनके संघर्ष, सामाजिक सरोकार और राजनीतिक योगदान को शिद्दत से याद किया। अतिथियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
धर्म के नाम पर बढ़ती नफरत के दौर में कमाल यूसुफ के विचार प्रासंगिक
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, सपा बौद्धिक महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि धर्म के नाम पर समाज में बढ़ती नफरत के इस दौर में कमाल यूसुफ जैसी महान शख्सियतों को याद करना और उनके विचारों को आगे बढ़ाना बेहद आवश्यक है।
पूर्व सांसद भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी ने कहा कि मलिक कमाल यूसुफ गरीबों और पीड़ितों के हक के लिए हमेशा सजग रहते थे। वे जनता की लड़ाई लड़ते हुए कभी जेल जाने से भी नहीं डरे। उनका संघर्ष और योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
गरीबों और वंचितों के हक के लिए समर्पित रहा जीवन
बस्ती सदर के विधायक महेंद्र यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कमाल यूसुफ ने अपना पूरा जीवन गरीबों और वंचितों के हक की लड़ाई में समर्पित कर दिया।
इसके अलावा कार्यक्रम में कोमणेन्द्र मिश्र, मोनू दुबे, वरिष्ठ पत्रकार नजीर मलिक, अफसर रिज़वी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव (एडवोकेट), ताकीब रिज़वी आदि ने भी संबोधित करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ सपा नेता घिसियावन यादव ने किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक इरफान मलिक ने आए हुए सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार जताया।