सिद्धार्थनगर: वोट चोरी के खिलाफ सपा का हल्लाबोल, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका; इस्तीफे की मांग

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। निष्पक्ष चुनाव और लोकतंत्र की रक्षा का सवाल उठाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की।

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से गुंजा कलेक्ट्रेट

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे तीखे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जला रहे थे, तभी मौके पर मौजूद पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग को बुझाया और पुतले को अपने कब्जे में ले लिया।

इस्तीफा न मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिलाध्यक्ष ने चुनाव आयोग पर पक्षपात और वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत का अधिकार सबसे पवित्र है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में इस पर डाका डाला जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने साफ चेतावनी दी:

“यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तुरंत अपना इस्तीफा नहीं देते हैं, तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर इससे भी बड़ा और तेज आंदोलन करने को बाध्य होगी।”

जिलाध्यक्ष लालजी यादव ,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सिद्धार्थ नगर मो जमील सिद्दीकी, विधायक सैयदा खातून,पूर्व विधायक विजय पासवान , कलिमुज्जफर , इदरीश राईनी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद।

इनके अलावा बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और एकजुटता का परिचय दिया। सुरक्षा के लिहाज से परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।