सिद्धार्थनगर: राप्ती नदी में दो युवकों ने लगाई छलांग, एक की बची जान, दूसरा लापता; आबकारी विभाग की मुस्तैदी पर उठे सवाल

Kapilvastupost

बांसी/चेतिया (सिद्धार्थनगर)

गोल्हौरा थाना क्षेत्र के तिघरा घाट स्थित राप्ती नदी में मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे दो युवकों के कूदने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की तत्परता और मदद से एक युवक सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि दूसरा युवक नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और लापता युवक की तलाश में जुट गए हैं।

खाद उतारने की बात कहकर निकले थे घर से

जानकारी के अनुसार, गोल्हौरा गांव निवासी शक्ति प्रसाद (26 वर्ष) पुत्र साहबदीन और राहुल पुत्र लाले सुबह अपने घर से यह कहकर निकले थे कि वे खाद उतारने जा रहे हैं। हालांकि, सुबह लगभग 8 बजे दोनों तिघरा घाट के पास स्थित शराब की दुकान पर पहुंचे। वहां से शराब खरीदकर दोनों राप्ती नदी के पुल पर गए और बैठकर शराब पी।

दोस्त को बचाने के चक्कर में दूसरा भी कूदा

इसके बाद शक्ति प्रसाद ने राप्ती नदी में छलांग लगा दी। उसे डूबता देख साथ मौजूद राहुल ने उसे बचाने के उद्देश्य से नदी में छलांग लगा दी। जब राहुल को लगा कि वह शक्ति को नहीं बचा पाएगा, तो वह खुद तैरकर किनारे आ गया और ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकला। हालांकि, शक्ति प्रसाद का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

सुबह 8 बजे कैसे बिकी शराब? आबकारी विभाग पर सवाल

सुरक्षित बाहर निकले युवक राहुल के खुलासे ने आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहुल के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे ही तिघरा घाट स्थित सरकारी ठेके से उन्हें अवैध रूप से देशी शराब बेची गई थी। इस घटना ने सुबह 10 बजे से पहले शराब की अवैध बिक्री की पोल खोलकर रख दी है।

SDRF और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही लापता युवक शक्ति प्रसाद के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शक्ति प्रसाद के लापता होने से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है और रो-रोकर बुरा हाल है।

गोल्हौरा थाने के उपनिरीक्षक नंदलाल ने बताया कि पुलिस टीम और गोताखोर मौके पर मौजूद हैं और जाल की मदद से लापता युवक की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही SDRF (एसडीआरएफ) की टीम को भी सूचित कर दिया गया है। फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और खोजबीन जारी है।