न्याय की आस में पीड़ित: तिलगड़िया बुजुर्ग में मारपीट के आरोपियों की नहीं हुई गिरफ्तारी, पीड़ित ने लगाई गुहार

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलगड़िया बुजुर्ग में दबंगों द्वारा मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित न्याय की आस लगाए बैठा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

दुकान पर आया फोन और घर पहुंचते ही हुआ हमला

पीड़ित लड्डू ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि घटना के वक्त वह बेवां स्थित अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान उनके घर से अचानक फोन आया कि कुछ लोग उनकी पत्नी और बेटी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वे घबराकर तुरंत अपने गांव तिलगड़िया बुजुर्ग पहुंचे।

आरोप है कि जैसे ही वे मौके पर पहुंचे, वहां मौजूद दबंगों ने उन पर भी हमला बोल दिया और बेरहमी से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जिला अस्पताल किया गया रेफर, गिरफ्तारी न होने से मायूसी

घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से घायल लड्डू को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, उन्होंने डुमरियागंज थाने में लिखित तहरीर दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, उनका आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार पुलिस से कार्रवाई व न्याय की दरकार है।