कपिलवस्तु विधानसभा में सड़क सुरक्षा कार्यों के लिए ₹1.21 करोड़ स्वीकृत, पांच प्रमुख मार्गों पर होगा काम

Kapilvastupost 

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिली है। लोक निर्माण विभाग (PWD) की ‘जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना’ के अंतर्गत क्षेत्र के पांच प्रमुख मार्गों पर सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 1 करोड़ 21 लाख 21 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन 5 मार्गों पर होंगे सुरक्षात्मक कार्य:

  • तेतरी-सोहास-लोटन मार्ग

  • उसका-बृजमनगंज मार्ग

  • पकड़ी-उदयपुर मार्ग

  • जगमोहिनी से सनई मार्ग

  • फरेंदा-कोल्हुई-बृजमनगंज-लोटन-मोहाना राज्य मार्ग

दुर्घटनाओं में आएगी कमी, आवागमन होगा सुरक्षित

कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्यामधनी राही ने इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि स्वीकृत बजट के माध्यम से इन मार्गों पर विभिन्न सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुधारों से क्षेत्र की सड़क सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी, दुर्घटनाओं की आशंका न्यूनतम होगी और आम जनता का आवागमन काफी सुरक्षित और सुगम बन सकेगा।

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

विधायक श्यामधनी राही ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रदेशवासियों के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर और प्रभावी कदम उठा रही है।