📅 Published on: October 24, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जिले के गोल्हौरा थाना क्षेत्र के कोटखास गांव में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। मेन रोड पर स्थित एक घर में जंगला तोड़कर घुसे तीन बदमाशों ने सोते समय एक महिला के गले पर चाकू रख दिया। बदमाशों ने शोर मचाने पर उसके बच्चों का गला काटने की धमकी दी और अलमारी-पेटी तोड़कर कीमती जेवरात तथा 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
चाकू के बल पर बंधक बनाकर दिया वारदात को अंजाम
पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार रात करीब तीन बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी तीन बदमाश जंगला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने सो रही महिला को दबोच लिया और उसके गले पर चाकू रखकर चुप रहने की धमकी दी। इसके साथ ही, यदि उसने शोर मचाया तो बच्चों को जान से मारने की चेतावनी भी दी। डर के मारे महिला कुछ नहीं कर पाई और बदमाशों ने इत्मीनान से अलमारी व पेटी खंगालकर नकदी और जेवरात समेट लिए और आसानी से फरार हो गए।
घर में सोते रहे परिवार के लोग, भनक तक नहीं लगी
घटना के वक्त घर के अन्य सदस्य भी अंदर ही मौजूद थे। पीड़िता के अनुसार, परिवार के सदस्य इरफान अली (27) बरामदे में सो रहे थे, लेकिन उन्हें इस घटना की भनक तक नहीं लगी। घर के एक अन्य सदस्य मुबारक अली चार दिन पहले ही मुंबई गए हुए हैं, जबकि उनके भांजे रफीउल्लाह भी घर में ही सो रहे थे। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
ग्रामीणों में आक्रोश और डर का माहौल
इस दुस्साहसिक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी गुस्सा और डर देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि सेहरी, कोटखास और आसपास के गांवों में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें से कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस प्रशासन की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों को दबोचने का दावा कर रही है।