सिद्धार्थनगर में खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर डीएम सख्त, टैगिंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

कपिलवस्तुपोस्ट 

सिद्धार्थनगर: जिले के अन्नदाताओं को उचित और निर्धारित मूल्य पर सुगमता से खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने गुरुवार को जोगिया उदयपुर स्थित आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर उर्वरक की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर और किसानों को हो रहे वितरण की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निर्धारित मूल्य पर ही हो खाद की बिक्री: डीएम

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित उर्वरक विक्रेता को कड़े निर्देश दिए कि किसानों को हर हाल में सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि खाद की ओवररेटिंग, कालाबाजारी, जमाखोरी और उर्वरक के साथ किसी भी प्रकार के अन्य उत्पादों की टैगिंग (अतिरिक्त सामान खरीदने का दबाव) को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अनियमितता मिलने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद बेचने, जमाखोरी करने या वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे जिले में खाद की उपलब्धता और उसके पारदर्शी वितरण पर निरंतर कड़ी निगरानी बनाए रखें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

किसानों से की गई अपील, जारी किया हेल्पलाइन नंबर

जिलाधिकारी ने क्षेत्र के किसानों से भी सीधी अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी खाद की ओवररेटिंग, कालाबाजारी या अन्य कोई अनियमितता पाई जाती है, तो किसान तुरंत अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर 7839882270 जारी किया गया है, जिस पर तुरंत सूचना दी जा सकती है।

इस निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पांडेय सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।