20 साल बाद जर्जर सड़क के बहुरे दिन, शुरू हुआ निर्माण: ग्राम प्रधान राधेश्याम शर्मा, राजकुमार अग्रहरि व संजय मित्तल ने जताया आभार

2.46 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 3.1 किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग

निज़ाम अंसारी 

सिद्धार्थनगर / बढ़नी : करीब 20 साल से जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जग गई है। बांसी विकासखंड में बढ़नी समय माता स्थान से मधवानगर होते हुए बैरिहवा तक संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

विधायक के प्रस्ताव पर मिली स्वीकृति: शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग द्वारा 246.92 लाख रुपये (2.46 करोड़) की लागत से 3.1 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण स्थल पर गिट्टी गिराने का काम शुरू हो गया है।

ग्रामीणों को होती थी भारी परेशानी: ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की हालत खराब होने से आवागमन में भारी परेशानी होती थी। बारिश के दौरान सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता था। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, मरीजों और दोपहिया वाहन चालकों को होती थी। खराब सड़क के कारण कई बार राहगीर गिरकर चोटिल भी हो जाते थे।

अधिकारियों का पक्ष: लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक के सहायक अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 24.92 लाख रुपये की लागत से संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू कराया गया है और यह कार्य विभागीय मानकों के अनुसार कराया जाएगा।

इन प्रमुख लोगों ने जताया आभार: सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस बहुप्रतीक्षित मार्ग के निर्माण पर ग्राम प्रधान राधेश्याम शर्मा, राजकुमार अग्रहरि और संजय मित्तल ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक के प्रति आभार जताया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस सड़क के बन जाने से किसानों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।