📅 Published on: November 4, 2026
Kapilvastupost
बढ़नी (सिद्धार्थनगर/क्षेत्र विशेष): बढ़नी बाजार के वार्ड नंबर 10 में चोरों ने एक निर्माधीन मकान को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के निर्माण सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित भवन स्वामी ने बढ़नी पुलिस चौकी पर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सामान गायब देख उड़े होश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिल अग्रवाल पुत्र चिम्मनलाल का मकान इस समय निर्माधीन है। कुछ दिनों से निर्माण कार्य बंद होने के कारण उनका मकान पर आना-जाना कम था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सूनेपन का लाभ उठाया और मकान के अंदर रखी महंगी टोटियां, सरिया के टुकड़े और अन्य बेशकीमती निर्माण सामग्री चुराकर फरार हो गए।
बीती 2 नवंबर को जब भवन स्वामी के पुत्र विशाल अग्रवाल किसी काम से मकान के अंदर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर सारा सामान गायब था। उन्होंने बिना देर किए घटना की सूचना स्थानीय बढ़नी पुलिस चौकी को लिखित रूप से दी।
पुलिस का बयान
मामले को लेकर ढेबरुआ थाना इंचार्ज चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि वह फिलहाल किसी कार्य से बाहर हैं, लेकिन उन्हें घटना की पूरी जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि पुलिस इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।