📅 Published on: November 4, 2026
निजाम अंसारी
बढ़नी, सिद्धार्थनगर: दीपावली पर्व के पावन अवसर पर स्थानीय डाक बंगले के प्रांगण में नगर पंचायत बाढ़नी के सफाई कर्मचारियों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और नगर पंचायत में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को उपहार स्वरूप साड़ी, मिठाई आदि भेंट कर दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
परिवार के सदस्यों की तरह मनाते हैं त्यौहार
मंगलवार को नगर पंचायत बाढ़नी के डाक बंगले में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि समाज को साफ एवं सुन्दर बनाने में सफाई कर्मियों का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि आप सभी भाई-बहन स्वच्छता के सच्चे सिपाही हैं, आपके परिश्रम और समर्पण से ही हमारा नगर स्वच्छ एवं सुंदर बनता है।
विधायक ने आगे कहा कि खुशियों में सबको भागीदार बनाना और चेहरे पर मुस्कान लाना उनके लिए हर्ष का विषय है। पिछले पांच वर्षों से वे लगातार विधानसभा क्षेत्र के सम्मानित परिवारों के साथ इसी तरह अपना हर त्यौहार मनाते आ रहे हैं। उनके लिए यह केवल उपहार वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों के साथ खुशियां बांटने और उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर विधायक की पत्नी बबिता वर्मा, ईओ अजय कुमार, प्रदीप कमलापुरी, विवेक गुप्ता, दुर्गेश कमलापुरी, रामदास मौर्य, विपिन सोनी, हरगोविंद मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।