📅 Published on: November 6, 2026
कपिलवस्तुपोस्ट
सिद्धार्थनगर / भवानीगंज:
जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बयारा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बीती बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे अचानक एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का किराना सामान, नगदी और जेवरात जलकर पूरी तरह खाक हो गए। इस दौरान आग पर काबू पाने के प्रयास में एक ग्रामीण का दाहिना हाथ भी टूट गया।
शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण, घंटों मशक्कत के बाद पाया गया काबू
जानकारी के मुताबिक, बयारा गांव निवासी श्यामू पुत्र हरिद्वार की किराना दुकान है। रात में अचानक अज्ञात कारणों से दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। आग को देख दुकानदार श्यामू ने शोर मचाया, जिससे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना भवानीगंज पुलिस को दी।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया। हालांकि, इस राहत कार्य के दौरान आग बुझाते समय गांव के ही निवासी अरविंद पुत्र स्वर्गीय घनश्याम का दाहिना हाथ टूट गया, जिन्हें गंभीर स्थिति में उपचार दिलाया गया।
फायर ब्रिगेड की देरी से पहुंचने का आरोप
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि आग बुझ जाने और सब कुछ जलकर राख होने के कई घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक दुकान में बचा हुआ सब कुछ स्वाहा हो चुका था।
पीड़ित का रो-रोकर बुरा हाल, मदद की गुहार
पीड़ित दुकानदार श्यामू के अनुसार, इस आगजनी में उनकी दुकान में रखा करीब 12 लाख रुपये का किराना सामान, दो लाख रुपये नकद और घर के जेवरात जलकर नष्ट हो गए हैं। इस अचानक हुए भारी नुकसान से पीड़ित परिवार सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित दुकानदार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक मदद और उचित मुआवजे की गुहार लगाई है।