रोडवेज बसों की सुविधा बढ़ाने और हमसफर एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर सिद्धार्थ चौधरी को सौंपा गया ज्ञापन
📅 Published on: November 8, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर: क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं—विशेषकर रेलवे स्टेशन शोहरतगढ़ पर हमसफर एक्सप्रेस के ठहराव, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बंद पड़ी जांच मशीनों को चालू कराने और रोडवेज बसों की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल एवं पत्रकार संगठन के प्रतिनिधियों ने सिद्धार्थ चौधरी को एक मांग पत्र सौंपा है।
नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान शनिवार को क्षेत्र की इन गंभीर समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया गया और उनके त्वरित समाधान की मांग की गई।
सीएचसी में बंद पड़ी मशीनें और स्वास्थ्य सेवाओं की लाचारी
चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ में करीब डेढ़ वर्ष से हेल्थ एटीएम और लिपिड प्रोफाइल जांच मशीनें केवल तकनीशियन (टेक्नीशियन) के अभाव में पूरी तरह बंद पड़ी हैं। अस्पताल में मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद जांच न हो पाने के कारण मजबूरन मरीजों को मंहगी निजी पैथोलॉजी का सहारा लेना पड़ रहा है।
इसके साथ ही, दन्त चिकित्सा के लिए लाई गई आधुनिक डेन्टल चेयर किट भी करीब ढाई वर्षों से चालू नहीं की जा सकी है, जिसके चलते क्षेत्रवासियों को सरकारी अस्पताल में समुचित उपचार का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
रोडवेज बसों का अभाव और हमसफर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
बैठक में क्षेत्र के आवागमन को सुगम बनाने के लिए दो प्रमुख माँगे रखी गईं:
रोडवेज बसों का संचालन: शोहरतगढ़ क्षेत्र से गोरखपुर, बलरामपुर, डुमरियागंज और बांसी की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए रोडवेज बसों की पर्याप्त सुविधा नहीं है, जिससे आम जनता और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ट्रेन का ठहराव: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर बहुप्रतीक्षित ‘हमसफर एक्सप्रेस’ का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।


