सिद्धार्थनगर में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: कूड़ा नदी में डूबे बेल्टीकर गांव के दो युवक, तलाश के लिए बुलाई गई एसडीआरएफ टीम

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर: जिले के मोहाना थाना क्षेत्र अंतर्गत कूड़ा नदी के मुजहना सेमरा घाट पर बुधवार (11 नवंबर) को माँ लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में स्नान करने उतरे दो युवक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए। कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

बेल्टीकर गांव के रहने वाले हैं दोनों युवक मिली जानकारी के अनुसार, मोहाना थाना क्षेत्र के बेल्टीकर गांव के टोला दयालपुर में माँ लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार दिन में करीब 11:30 बजे ग्रामीण प्रतिमा विसर्जन करने के लिए कूड़ा नदी के मुजहना सेमरा घाट पर पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन से ठीक पहले तीन युवक नदी में नहाने के लिए उतर गए। इस दौरान एक युवक तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन बेल्टीकर टोला दयालपुर निवासी गौतम (पुत्र हेमंत) और आदित्य (पुत्र लखीचंद्र उर्फ बब्लू) गहरे पानी में समा गए।

ग्रामीणों में मचा कोहराम, एसडीआरएफ की मदद से तलाश जारी युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवकों का पता न चलने पर प्रशासन ने तलाश अभियान को तेज करने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी बुलाया है। हादसे के बाद से बेल्टीकर गांव और पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।