प्राइम टाइम स्पेशल – सिद्धार्थनगर: ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की मौत; छोटा भाई घायल

कपिलवस्तुपोस्ट 

सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के इटवा-बांसी मार्ग पर भिलौरी स्थित राम अवतार स्कूल के पास सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। सड़क पर बने ब्रेकर के पास बाइक अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक, त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के छगड़िहवा गांव निवासी मोल्हू (32) पुत्र चिन्ने सोमवार को अपने छोटे भाई कृष्णा (25) के साथ बाइक से गोल्हौरा क्षेत्र स्थित रिश्तेदारी में गए थे। देर रात दोनों भाई वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान इटवा-बांसी मार्ग पर भिलौरी स्थित राम अवतार स्कूल के पास ब्रेकर पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोल्हू को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद घायल कृष्णा की हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इटवा थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।