📅 Published on: November 24, 2026
निज़ाम अंसारी
सिद्धार्थनगर। जिले के साड़ी चौराहे पर सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन दो वर्ष पूर्व सड़क हादसे में जान गंवाने वाले स्वर्गीय रजत चौबे की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव मौजूद रहे। अतिथियों ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों और अन्य लोगों को हेलमेट सौंपकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
आयोजक व स्वर्गीय रजत चौबे के भाई जतिन चौबे ने बताया कि दो वर्ष पूर्व इसी साड़ी चौराहे पर हुए सड़क हादसे में उनके भाई की मौत हो गई थी और उस समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत करना और हादसे में होने वाली संभावित जनहानि को रोकना है।
जतिन चौबे ने जानकारी दी कि आयोजन में 300 से अधिक हेलमेट वितरित किए गए। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि घर पर इंतजार कर रहे परिजनों की खुशी के लिए हमेशा हेलमेट पहनें और सुरक्षित सफर करें।