खेसरहा के रिउना में पुरानी रंजिश के चलते दरवाजे पर खड़ी बाइक फूंकी, परिवार में दहशत

Kapilvastupost

 खेसरहा (सिद्धार्थनगर): खेसरहा थाना क्षेत्र के कुर्थिया चौकी अंतर्गत रिउना गांव में पुरानी रंजिश के चलते घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगाने की घटना सामने आई है। आग लगने से बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रिउना निवासी पं. अभय वैदिक पुत्र अरविंद कुमार मिश्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की रात वे एक शादी समारोह में शामिल होने संतकबीरनगर गए थे। घर पर उनकी मां और परिवार की अन्य महिलाएं मौजूद थीं, जबकि बाइक घर के दरवाजे पर खड़ी थी। आरोप है कि रात में गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

आग की लपटें उठती देख परिजनों ने इसकी सूचना अभय वैदिक को दी। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही बाइक जलकर नष्ट हो चुकी थी। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से पूरा परिवार भयभीत है और उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में उनके या परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कोई बड़ी अनहोनी कर सकते हैं।

इस संबंध में खेसरहा थाना प्रभारी राम कृष्ण मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच और आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।