बांसी के नरही बुजुर्ग में जमीन कब्जाने का आरोप, न्याय न मिलने पर बुजुर्ग ने दी आत्मदाह की चेतावनी

Kapilvastupost

बांसी (सिद्धार्थनगर): बांसी तहसील क्षेत्र के नरही बुजुर्ग गांव में भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर तनाव और आक्रोश का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग लोग राजस्व टीम की पैमाइश और प्रशासनिक आदेशों को नजरअंदाज कर एक बुजुर्ग की जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। लंबे समय से कार्रवाई न होने से आहत बुजुर्ग ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय न मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

नरही बुजुर्ग निवासी स्वामीनाथ पुत्र श्रीपत ने बुधवार को जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि विपक्षी अपनी दबंगई के दम पर उनकी भूमि पर जबरन अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, भूमि की पैमाइश हो चुकी है, लेकिन विपक्षी न तो तय सीमा चिन्हों को मान रहे हैं और न ही उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।

स्वामीनाथ ने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि इस प्रकरण से जुड़ी जांच रिपोर्ट कोतवाली और तहसील स्तर पर 6 अक्टूबर 2024 तथा 15 नवंबर 2026 को पहले ही प्रस्तुत की जा चुकी है। संबंधित अभिलेख एसडीएम बांसी कार्यालय में उपलब्ध होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से वे बेहद निराश और व्यथित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को विवश होंगे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी (ADM) ने तहसीलदार बांसी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को संयुक्त रूप से मामले की जांच कर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।