📅 Published on: November 26, 2026
Kapilvastupost
बेंवा / डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर): डुमरियागंज थाना क्षेत्र में आयोजित भारतभारी मेले में जाने और वहां से लौटते समय बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में टक्कर मारने वाले वाहन चालक मौके से फरार हो गए, जबकि पांच घायलों की हालत गंभीर देखते हुए बेंवा सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया है।
पहली घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे बेंवा-भारतभारी मार्ग पर पटखौली स्थित देसी शराब की दुकान के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के छपिया खास निवासी विवेक (18), रामसागर (16) और राज (10) बाइक से मेला देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान भारतभारी की ओर जा रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल विवेक और रामसागर को जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया, जबकि राज का बेंवा सीएचसी में उपचार चल रहा है।
दूसरी घटना रुधौली-डुमरियागंज मार्ग पर परसा हुसैन के पास हुई। बताया जा रहा है कि गिरधर निवासी रवि (19), रूबी (17) और अंदेवरा निवासी मंगीता (16) किसी रिश्तेदार से मिलने के बाद भारतभारी मेला जा रहे थे, तभी उनकी बाइक को एक अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों घायल हो गए और प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
बेंवा सीएचसी के डॉ. राहुल चौधरी ने बताया कि दोनों हादसों में आए घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिनमें से पांच की स्थिति गंभीर होने पर बस्ती रेफर किया गया है। वहीं, डुमरियागंज प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि दोनों घटनाएं फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं हैं और न ही थाने पर कोई तहरीर प्राप्त हुई है।