बढ़नी क्षेत्र में जेसीबी से अवैध खनन जोरो पर , जिम्मेदार बेखबर

Kapilvastupost

शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के बढ़नी ब्लॉक के मड़नी चौराहे के निकट सरयू नहर के दक्षिण तरफ जेसीबी से अवैध मिट्टी खनन कर बाजार में एक हजार से बारह सौ रुपए में बिक्री किए जाने की बात बताई जा रही है और अवैध खनन के उक्त कारनामों से जिम्मेदार बेखबर बताए जा रहे है जिसे लेकर तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

बताया जाता है कि बढ़नी क्षेत्र के मडनी चौराहे के बगल सरयू नहर के दक्षिण तरफ जेसीबी से बड़े पैमाने पर अवैध खनन विगत कई दिनों से चल रहा है।

कहा जाता है कि जेसीबी से हो रहे अवैध खनन से निकलने वाली मिट्टी को ढोने में दर्जनों ट्रालियां लगी हुई है और खननकारी धडल्ले के साथ बेखौफ होकर मिट्टी मुंह मांगे दामों पर बेचकर मालामाल हो रहे है।

सूत्र बताते है कि अवैध खनन में लगे लोगों द्वारा अब तक दस से बारह लाख की मिट्टी का वारा न्यारा किया जा चुका है। कहा जाता है कि अवैध खनन कर एक हजार से बारह सौ रुपए प्रति ट्राली के हिसाब से मिट्टी बेची जा रही है और सारा मामला गुणा भाग से चल रहा है।

क्षेत्र के दर्जनों बुद्धिजीवियों का कहना है कि आखिर किसके सह पर अवैध मिट्टी खनन हो रहा है जिसे लेकर तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

उक्त के संबंध में उपजिलाधिकारी शोहरतगढ ने दूरभाष पर बताया कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है , मामले की जांच कराता हूं।