डुमरियागंज – कुत्तों का आतंक बाग में खेल रहे छह साल के मासूम बच्चे को कुत्ते ने मार डाला

kapilvastupost 

भनवापुर (सिद्धार्थनगर)। इटवा क्षेत्र के करहिया सघन गांव में बुधवार को बाग में खेल रहे एक छह वर्षीय बच्चे को कुत्ते ने नोच कर मार डाला। मौके पर पहुंचे तहसीलदार की मौजूदगी में परिवार के आग्रह पर लिखापढ़ी करके सुपुर्द कर दिया गया।

वहीं, हमलावर कुत्ता गायब है, जिससे गांव के लोगों में दहशत है। क्षेत्र के करहिया सघन गांव निवासी करन का छह वर्षीय बेटा राज बुधवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ बाग में खेल रहा था। इसी बीच बाग में पहुंचे कुत्तों के एक झुंड को देखकर बच्चे भागने लगे।

इसी बीच एक कुत्ता राज पर टूट पड़ा। भागकर गांव पहुंचे बच्चों की जानकारी पर जब तक परिवार के लोग पहुंचते राज को लहूलुहान करके कुत्ता भाग चुका था।

कुत्ते ने उसके गले और शरीर के अन्य हिस्से को बुरी तरह नोच डाला था। आनन-फानन में परिवार के लोग उसे इटवा सीएचसी लेकर गए। चिकित्सकों ने राज को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार डुमरियागंज और पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही। इस पर लिखापढ़ी करके शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। तहसीलदार डॉ. संतराज बघेल ने राज के परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।