📅 Published on: May 20, 2024
kapilvastupost
डुमरियागंज लोकसभा सांसद द्वारा गोद लिए गढ्ढे को पाटकर चारो तरफ पन्नी से तानकर अंदर ही अंदर चोरी छिपे हो रहे अवैद्ध निर्माण कार्य को ईओं के आदेश पर नगर पंचायत शोहरतगढ़ कर्मियों ने रोकवा दिया।
नगर पंचायत के डोई नदी की तरफ जाने वाले मार्ग के पूरब तरफ बहुत बड़ा गड्ढा है।इसको आदर्श तालाब का रूप देने के लिए सांसद जगदंबिका पाल ने गोद ले रखा है। परंतु बजट न मिल पाने की वजह से इस गढ्ढे का कायाकल्प नहीं हो पा रहा है।
गड्ढे के अगल बगल रहने वालों ने अब गढ्ढा पाटना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे मकान बनवाने लगे।पिछले साल एक व्यक्ति इसी गढ्ढे को पाटकर मकान बनवा रहा था तत्कालीन उपजिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व निरीक्षक ने गढ्ढे की पैमाइश की तो पता चला कि अधिकांश लोग गढ्ढे पर मकान बनवा लिए है।
वहां हो रहे अवेद्ध निर्माण कार्य कार्य को रोकवाकर उस पर बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया था।इधर पिछले कुछ हफ्तों से एक व्यक्ति गढ्ढा पाटकर चारो तरफ से पन्नी लगा लिया था और अंदर ही अंदर मकान का निर्माण कर रहा था।
गड्ढे पर निर्माण कार्य होने की सूचना पर ईओ अजय कुमार ने निर्माण कार्य रोकवा दिया। नगर पंचायत के खाली भूमि व गढ्ढों पर भूमाफियाओं की नजर गड़ी हुई है।नगर पंचायत के कुंआ, गली व नाला को पाटकर कुछ लोग अपने मकान में मिला लिए है और कुछ उस पर मकान बनाने की फिराक में लगे हुए हैं।
इस संबंध में ईओ अजय कुमार ने कहा कि नगर पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गढ्ढे पर हो रहे निर्माण कार्य को रोक दिया गया है।