📅 Published on: October 5, 2024
सरताज आलम
जिले के लोटन कोतवाली क्षेत्र के खखरा खुर्द गांव में गुरुवार को गायब हुई पांच वर्षीय बच्ची अनुष्का की लाश शनिवार को घर के बगल के पोखरे में मिली।
इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है, और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बच्ची के पिता द्वारा गुरुवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनकी बेटी घर के सामने खड़ी ऑटो रिक्शा में खेल रही थी।
अनुष्का ने अपनी मां से शौच के लिए जाने की बात कही, जिसके बाद मां ने उसे पास के खड़न्जे पर जाने को कहा। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति जो काले पैंट और टी-शर्ट पहने हुए था, अनुष्का को उठाकर ले गया।
जब तक बच्ची की मां घर के अन्दर से किसी को बुलाकर लौटी, तब तक व्यक्ति अनुष्का को लेकर गायब हो चुका था।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने एसओजी और पुलिस टीम को बच्ची की तलाश में लगाया। मछुआरों ने पोखरे में जाल डालकर खोजबीन की, लेकिन शुक्रवार तक कोई सफलता नहीं मिली।
शनिवार को गांव के उसी पोखरे से बच्ची की लाश बरामद हुई। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बच्ची की लाश मिलने से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, और गांव में लोग घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं।
पुलिस मामले की गम्भीरता से जांच कर रही है और जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने का प्रयास जारी है।