सिद्धार्थ नगर – प्रतिमा विसर्जन के बाद पैदल घर जा रहे व्यक्ति को ट्रक ने रौंदा मौके पर मौत

Kapilvastupost

उस्का बाजार थाना क्षेत्र के उस्का राजा पुल के पास प्रतिमा विसर्जन कर पैदल ही घर की ओर लौट रहे युवक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने रविवार रात रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

उस्का बाजार क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन कुछ स्थानों पर रविवार को किया गया। क्षेत्र के परसा शुकरुल्लाह गांव निवासी रामकुशल (24) पुत्र फूललाल रविवार की रात कूड़ा नदी पर प्रतिमा विसर्जन के लिए गया था।

देर रात गए प्रतिमा विसर्जन के बाद वह पैदल ही सड़क पर आया और पुल से सट कर जाने लगा। इस दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक आई और उसे रौंद दिया।

युवक को ट्रक से रौंदता देख भीड़ में चीख पुकार मच गई। भीड़ ने ट्रक को रोक लिया। राम कुशल को जब तक बाहर निकाला जाता उसकी मौत हो चुकी थी।

प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम चलने की वजह से बड़ी संख्या में फोर्स आसपास मौजूद रही। वह भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। सूचना पर परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए इससे उसकी चित्कार से माहौल और गमगीन हो गया।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रतीकात्मक फोटो