📅 Published on: December 10, 2024
जिम्मेदारों की मिली भगत से विकास के नाम पर फर्जी तरीके से पेमेंट कर सरकारी धन का बंदरबांट करने का लगाया आरोप
जनसूचना की मांग पर बीडीओ द्वारा कोई सुनवाई नही किये जाने से नाराज़ ग्रामवासियों ने की डीएम से शिकायत
anil kumar
बढ़नी सिद्धार्थ नगर। जनपद के विकास खंड बढ़नी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया गांव के दर्जनों लोगों ने विकास के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। वहीं गांव निवासी मोहम्मद इलियास ने जनसूचना के तहत विकास कार्यों की सूचना खंड विकास अधिकारी बढ़नी द्वारा नही दिये जाने की लिखित शिकायती पत्र जिलाधिकारी राजा गणपति आर को दिया है।
गांव निवासी राकेश कश्यप,शिवबालक, भूखन, अब्दुल सलाम, रामकुमार यादव, गोविंद विश्वकर्मा आदि लोगों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से बने पंचायत भवन में सुविधा के नाम पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है।
सामुदायिक शौचालय का भी स्थिति बदहाल है, जिसके कारण हम लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। गांव में खेल कूद मैदान व ओपन जिम के नाम पर भी धन निकासी की गई है। लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है।
हमारे गांव में जिम्मेदारों के मिली भगत से विकास के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। जिसकी शिकायत भी हम लोग कई बार कर चुके हैं ।लेकिन कहीं कोई सुनने वाला नहीं है। सिर्फ कागजों में खानापूर्ति कर विकास का घोड़ा दौड़ाया जा रहा है।
जिसकी जानकारी जनसूचना के तहत गांव में हुये विकास कार्यों की सूची की मांग की गई थी। लेकिन जिम्मेदारों के द्वारा अभी तक कोई जानकारी हम लोगों को नही दी गई है।
गांव वालों ने उक्त मामले की जांच किसी सक्षम अधिकारी द्वारा करवा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए गांव में सही ढंग से विकास कार्य कराये जाने की मांग की है।