सिद्धार्थ नगर – शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव एवं समय सारणी में आशिक परिवर्तन के सम्बन्ध में सौंपा ज्ञापन

सरताज आलम
शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर।

जनपद सिद्धार्थनगर के आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़़ के चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने रेल राज्यमन्त्री भारत सरकार रवनीत सिंह ‘बिट्टू’ को शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव एवं समय सारणी में आंशिक परिवर्तन के सम्बन्ध में ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने अवगत कराया है कि शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर रेलवे का काफी पुराना स्टेशन है। जहां से निकटवर्ती देश नेपाल के असंख्य पर्यटकों एवं क्षेत्रीय व्यापारियों का लगातार बड़े शहरों में आना-जाना प्रायः लगा रहता है, परन्तु रेलवे के लम्बी दूरी के ट्रेनों का ठहराव शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर नहीं होने के कारण व्यापारी, मजदूर वर्ग एवं मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता हेतु यात्रा कर रहे नागरिकों को काफी दिक्कतों की सामना करना पड रहा है।

जबकि नेपाल सीमा क्षेत्र के समीप स्थित शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन से लम्बी दूरी की यात्रा कर रहे यात्रियों की काफी संख्या है। जो कि लुधियाना, मुम्बई, दिल्ली एवं अन्य शहरों में रहकर मेहनत मजदूरी करके अपना जीवकोपार्जन एवं मेडिकल सुविधाओं की सेवाओं को प्राप्त करने हेतु यात्रा करते है।

गोरखपुर वाया बढ़नी से दिल्ली जाने वाली अन्त्योदय एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस जो कि नई दिल्ली जाने हेतु एक मात्र विकल्प है, का ठहराव शोहरतगढ़ में नहीं होता है एवं पनवेल एक्सप्रेस का ठहराव हफ्ते में एक दिन शनिवार को नहीं होता है।

जिससे लम्बी दूरी के यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। पूरी रात लोगों को अन्य दूरस्थ स्टेशन पर उतरकर मरीजों एवं छोटे-बच्चों के साथ बिताना पड़ता है।

इसके साथ ही बढ़नी से नरकटियागंज तक जाने वाली पैसेन्जर गाडी का बढ़नी स्टेशन से खुलने का समय प्रातः 8:10 बजे है जो गोरखपुर लगभग 12:00 बजे तक पहुंचती है। जिससे सफर करने वाले मुसाफिर का पूरा दिन समाप्त हो जाता है, उसका ट्रेन की समय सारणी में यदि आंशिक परिवर्तन प्रातः 7:00 बजे कर दिया जायें तो उक्त ट्रेन लगभग प्रातः 10:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

जिससे लोगों को काफी सहूलियत प्राप्त होगा। इस हेतु व्यापारियों, क्षेत्रीय नागरिकों एवं मजदूरी में कार्यरत मजदूर वर्ग ने समाचार पत्रों द्वारा उक्त समस्याओं के समाधान हेतु सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने का काफी प्रयास किया, परन्तु उक्त विषय पर कोई समुचित कार्यवाही आज तक नही हो पाया है।

“सौभाग्यवश आज दिनांक 08.12.2024 दिन रविवार को भगवान गौतम बुद्ध की पावन धरती पर मंत्री शुभागमन होने पर क्षेत्रीय नागरिकों, व्यापारीवर्ग एवं प्रबुद्धजन अत्यन्त ही आशान्वित है कि उपर्युक्त समस्याओं का निदान होना सुनिश्चित है।

इसलिए उपर्युक्त तथ्यों के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन शोहरतगढ़ पर लम्बी दूरी यथा-हमसफर, अन्त्योदय के ठहराव एवं बढ़नी टू नरकटियागंज की समय सारणी में आंशिक परिवर्तन करने की महती कृपा करें।