📅 Published on: March 27, 2025
महेंद्र कुमार गौतम
बांसी, हिन्दुस्तान संवाद। बांसी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बांसी-नौगढ़ हाईवे पर सोनखर गांव के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सामने से आ रही मैजिक और बाइक की टक्कर में बाइक सवार वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मैजिक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोल्हौरा थाना क्षेत्र के अजगरा गांव निवासी अब्दुल मजीद (60) पुत्र कुर्बान अली अपनी बाइक से किसी कार्यवश नौगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वह सोनखर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अब्दुल मजीद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बांसी पीएचसी पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जब यह दुखद खबर उनके परिवार वालों तक पहुंची, तो घर में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मैजिक को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।