📅 Published on: April 11, 2025
दुखद घटना – त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र, सिकटा गांव
Kapilvastupost
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सिकटा गांव में बुधवार की देर शाम एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। गांव की 23 वर्षीय विवाहिता रोशनी का शव उसके घर में छत की कुंडी से फंदे से लटकता मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतका रोशनी के पति पूर्णमासी डुमरियागंज के एक मेडिकल स्टोर में कार्यरत हैं। घटना वाले दिन वे रोज की तरह सुबह काम पर चले गए थे। घर में उस समय रोशनी के साथ उसका दो वर्षीय पुत्र प्रांजल और उसकी बुजुर्ग सास मौजूद थीं।
शाम के समय जब सास व अन्य परिजन खेत से गेहूं लेकर वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि रोशनी अपने कमरे में छत की कुंडी से फांसी के फंदे पर लटक रही है। यह दृश्य देख परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पाकर मृतका के मायके वाले भी पिपरा कानूनगो गांव से पहुंच गए। दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत के बाद यह निर्णय लिया कि वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। इस संबंध में उन्होंने त्रिलोकपुर पुलिस को एक शपथ पत्र सौंपा।
थाना प्रभारी मृत्युंजय पाठक ने बताया कि मृतका के ससुराल और मायके पक्ष ने लिखित रूप में पुलिस को सूचित किया है कि वे इस मामले में आगे किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। शपथ पत्र प्राप्त होने के बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। लोग रोशनी की असमय मौत पर स्तब्ध हैं और परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।