📅 Published on: May 6, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की जिला टॉपर छात्राओं – आस्था पटेल और अनुष्का पटेल – के हाथों कराया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने खुद मौजूद रहकर फीता कटवाया और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह उद्घाटन “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” मिशन की भावना को साकार करता है। उन्होंने बताया कि टॉपर बेटियों से उद्घाटन कराना न सिर्फ एक प्रेरणादायक पहल है, बल्कि इससे समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
डुमरियागंज नगर पंचायत क्षेत्र में बने इस स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण खनिज विकास निधि और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से कराया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि पहले यह स्वास्थ्य केंद्र जर्जर स्थिति में था, जिसे ध्वस्त कर पूरी तरह से नया रूप दिया गया है।
स्थानीय लोगों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यह स्वास्थ्य केंद्र नगरवासियों के लिए वरदान साबित होगा।