सिद्धार्थनगर: दो नाबालिग लड़कियों को भगाने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

त्रिलोकपुर पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर आरोपी, नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में गए जेल)

निजाम अंसारी 

बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर): त्रिलोकपुर थाना पुलिस ने दो नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस प्रकरण में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों को गुरुवार को क्षेत्र के मल्हवार तिराहे से दबोचा गया।

क्या था पूरा मामला? थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने बीते 16 अक्टूबर को थाने में लिखित तहरीर दी थी। महिला ने आरोप लगाया था कि 15 अक्टूबर की शाम करीब तीन बजे उसकी 15 वर्षीय बेटी और पड़ोस में रहने वाली एक 12 वर्षीय बालिका को कोहलगोनकोट निवासी श्रवण कश्यप बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।

पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुआ था मुकदमा मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी श्रवण कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 137(2) तथा 11/12 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान इस मामले में कोहलगोनकोट निवासी एक अन्य युवक रोशन की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी मामले में आरोपी बनाया।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। गुरुवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मल्हवार तिराहे से दोनों आरोपियों (श्रवण कश्यप और रोशन) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक (SI) त्रिभुवन यादव, मुख्य आरक्षी अभिषेक सिंह और आरक्षी विनीत शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल रहे।