📅 Published on: May 11, 2025
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर। शेमफोर्ड फ्यूचरस्टिक स्कूल, पकड़ी में गुरुवार देर शाम भव्य रूप से मदर्स डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह, स्कूल के प्रबंध निदेशक नितिन गौरव और प्रबंधक अनुराग गोयल ने दीप प्रज्वलन कर की।
कुलपति प्रो. कविता शाह ने अपने संबोधन में कहा, “मां की सेवा और सम्मान में ही इस दुनिया की असली जन्नत छुपी है। मां भगवान का वह रूप है, जिसकी ममता, स्नेह और त्याग को शब्दों में बांधना असंभव है।” उन्होंने कहा कि मां सदा से ही जगत जननी रही है और रहेगी।
प्रबंध निदेशक नितिन गौरव ने कहा कि मदर्स डे केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि एक सशक्त संदेश है कि हमारी संस्कृति हर बड़े को सम्मान देना सिखाती है। उन्होंने यह भी कहा कि मां ही अपने बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की सबसे मजबूत नींव होती है।
कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी से लेकर विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने मैशअप डांस और थीम डांस के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित माताएं भावविभोर हो उठीं।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन द्वारा अनेक माताओं को सम्मानित किया गया। प्रबंधक अनुराग गोयल ने कहा, “मां बच्चे की पहली गुरु होती है। जीवन की पहली सीख वही देती है और उसी से बच्चा बोलना, चलना और समझना सीखता है।”
कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा, जिसमें माताओं की भूमिका को गरिमा और आदर के साथ प्रस्तुत किया गया।