सिद्धार्थनगर: 5 करोड़ से ऊपर की परियोजनाओं की समीक्षा, मंत्री अनिल राजभर ने दिए कड़े निर्देश

kapilvastupost 

सिद्धार्थनगर, 23 अगस्त 2025।
कलेक्ट्रेट सभागार में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री अनिल राजभर की अध्यक्षता तथा सांसद जगदंबिका पाल की उपस्थिति में 5 करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में राजकीय महाविद्यालय बिस्कोहर, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु, आईटीआई इटवा, कल्याण मंडपम नौगढ़ और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय भरवलिया के निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं।

उन्होंने अनुपस्थित प्रोजेक्ट मैनेजरों व अधिशासी अभियंताओं का स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए। साथ ही अवैध खनन रोकने, थानों की व्यवस्था सुधारने और जनता के साथ अच्छे व्यवहार पर विशेष बल दिया।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा में बताया गया कि भारत-नेपाल सीमा पर विशेष अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया गया है और निगरानी बढ़ाई गई है।
आईजीआरएस की समीक्षा में मंत्री ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो और शिकायतकर्ता संतुष्ट हों।

सांसद जगदंबिका पाल ने मंत्री को धन्यवाद देते हुए अधिकारियों से निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, जिला पंचायत प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह, डीएफओ पुष्प कुमार, सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया सहित जिले के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।