यूरिया की किल्लत से किसानों का सड़क पर गुस्सा, तेतरी बाईपास जाम; सवाल– तस्करों को खाद कैसे मिल जाती है?

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। धान की फसल में यूरिया की आवश्यकता चरम पर है, लेकिन जनपद में यूरिया की किल्लत से किसानों में हाहाकार मचा हुआ है। शनिवार को तेतरी खुर्द साधन सहकारी समिति पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन दोपहर तक यूरिया का वितरण शुरू न होने से किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज किसानों ने तेतरी बाईपास पर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। यह जाम करीब एक घंटे तक रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आक्रोशित किसानों में हथिवड़ताल की विजय लक्ष्मी, रेखा, किस्लावती, मिलन, लखराज, बनगवां की किसालावती, गुड़िया, कुसमी की सिद्धांति, बरदहा के जगदीश और प्रेमा, ससनी की काजल, परसा की तारा, गौरा की राजकुमारी, रेहारा की कपूरी देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल रहे।

सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष जय प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

किसानों का आरोप है कि जब उनकी फसल को खाद की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं हो रही। लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि जहां एक तरफ किसान खाद की एक बोरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं, वहीं तस्करों को खाद आसानी से कैसे मिल जाती है? किसानों का कहना है कि प्रशासन को इस दिशा में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, वरना आंदोलन और तेज किया जाएगा।