आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस सख्त: एसपी ने पैदल गश्त और ऑपरेशन त्रिनेत्र बढ़ाने के दिए निर्देश

चोरी और ड्रोन से जुड़ी अफवाहों जैसी घटनाओं को रोकने के लिए शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में पैदल गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

Kapilvastupost
सिद्धार्थ नगर- आगामी त्योहारों, विशेषकर दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अभिषेक महाजन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार देर शाम पुलिस लाइंस सभागार में मातहतों के साथ हुई एक बैठक में उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पैदल गश्त बढ़ाकर अपराधियों के हौसले पस्त करने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की जिम्मेदारी सौंपी।

एसपी ने कहा कि अपराध को रोकना और अपराधियों में भय पैदा करना सभी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी को सक्रिय रहना होगा।
अपराध नियंत्रण पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान एसपी ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
* ऑपरेशन त्रिनेत्र: इसके तहत स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा की गई ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
* साइबर अपराध: साइबर अपराध की रोकथाम के लिए बड़े पैमाने पर जन जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
* लंबित मामले: लंबित मुकदमों में साक्ष्य जुटाकर जल्द से जल्द विवेचना पूरी करने और आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट व गैंगस्टर एक्ट जैसी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
* महिला उत्पीड़न और गुमशुदा बच्चे: महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई और लापता बच्चों की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इससे पहले एसपी ने सैनिक सम्मेलन में पूर्व सैनिकों की समस्याओं को भी सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।